पौड़ी के योगेश बर्थवाल ने पीसीएस परीक्षा पास कर बढ़ाया जिले का मान

खबर डोज, कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल के योगेश बर्थवाल ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
योगेश बर्थवाल का चयन सहायक आयुक्त राज्य कर के पद पर हुआ है। यह पद उत्तराखंड पीसीएस सेवा के महत्वपूर्ण पदों में शामिल है।
योगेश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद उच्च शिक्षा प्राप्त कर तकनीकी क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय से एमटेक की पढ़ाई की है। इसके बाद वर्ष 2022 तक वह घुड़दौड़ी स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
परिवार की बात करें तो उनकी पत्नी पौड़ी के एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं, जबकि उनके पिता सहकारिता विभाग में अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। योगेश की इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है।
योगेश बर्थवाल की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे पौड़ी जिले का गौरव बढ़ा है।
योगेश की सफलता की खबर सामने आने के बाद से उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, मित्रों और स्थानीय लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







