रुड़की में बारात की कार से 10 वर्षीय मासूम गंभीर घायल, ग्रामीणों ने पलटी कार और 250 बारातियों को बनाया बंधक, देखिए वीडियो

खबर डोज, रुड़की। रुड़की क्षेत्र के भगवानपुर थाना इलाके के टकाभरी गांव में बारात के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बारात में आई एक कार की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालक विशु गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार को पलट दिया और बारातियों को घेरकर करीब 250 लोगों को बंधक बना लिया, जिससे गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार बारात में शामिल कुछ युवक गांव के पास स्थित आम के बाग में बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में एक युवक अमेज कार से स्टंट करने लगा। बताया जा रहा है कि उसी समय पास में खेल रहा 10 वर्षीय मासूम विशु अचानक कार के टायर के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने मौके पर खड़ी कार को पलट दिया और बारात को घेरकर करीब 250 बारातियों को रोक लिया। इस दौरान ग्रामीणों और बारातियों के बीच तीखी कहासुनी और झड़प की भी सूचना सामने आई।
सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। बाद में एसपी देहात शेखर सुयाल भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को शांत कराया गया और बंधक बनाए गए बारातियों को छुड़ाया गया।
गंभीर रूप से घायल बालक विशु को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए देहरादून के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। गांव में स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






रोडवेज बस की चपेट में आया ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा स्कूटी सवार नाबालिग, हादसे में पैर हुआ चोटिल 