हरिद्वार से बस में कोटद्वार आ रही नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार

–कोटद्वार पुलिस ने हरिद्वार किया गिरफ्तार
खबर डोज, कोटद्वार। हरिद्वार से कोटद्वार आ रही बस में एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शिकायत मिलते ही पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हरिद्वार बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।
घटना बीते शनिवार की है। पीड़िता ने कोतवाली कोटद्वार में दी तहरीर में बताया कि वह हरिद्वार से कोटद्वार की ओर बस में यात्रा कर रही थी। यात्रा के दौरान उसके समीप बैठे युवक ने उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी कलालघाटी क्षेत्र में बस से कूदकर फरार हो गया।
युवक ने पुलिस की टोपी पहन रखी थी, जिससे प्रथम दृष्टया उसके पुलिसकर्मी होने का संदेह हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली कोटद्वार में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने हरिद्वार बस अड्डे से आरोपी हिमांशु नेगी (23 वर्ष), पुत्र संजय सिंह नेगी, निवासी ग्राम बैरागना, थाना गोपेश्वर, जनपद चमोली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में चमोली के एक होटल में कार्यरत था तथा रोजगार की तलाश में कोटद्वार आ रहा था।
गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक पुलिस टोपी बरामद हुई। आरोपी ने बताया कि वह पुलिस विभाग में कार्यरत नहीं है, बल्कि केवल टोपी पहन रखी थी। इस संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजाराम डोभाल, महिला उपनिरीक्षक प्रीति गुसांई और आरक्षी सुनील चौधरी शामिल रहे।
पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







