रामपुर रायहधारी में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सभी रिटेल भंडारण सीज, ई-खन्ना पोर्टल निलंबित

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लक्सर तहसील के रामपुर रायहधारी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला खनन अधिकारी काजिम रजा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आने पर संबंधित रिटेल भंडारणों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रामपुर रायहधारी में अवैध खनन की मौखिक शिकायत प्रशासन को प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके बाद बुधवार को जिला खनन अधिकारी और विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में संचालित सभी रिटेल खनिज भंडारण इकाइयों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। इसके चलते प्रशासन ने संबंधित भंडारण स्थलों को तत्काल प्रभाव से सीज करने की कार्रवाई की। इसके अलावा इन इकाइयों से संबंधित ई-खन्ना पोर्टल को भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है, ताकि जांच पूरी होने तक किसी प्रकार की गतिविधि संचालित न हो सके।
जिला खनन अधिकारी काजिम रजा ने बताया कि जनपद में अवैध खनन, अवैध भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शासन की मंशा के अनुरूप ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्तियों एवं इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भविष्य में भी सघन जांच अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







भक्तोवाली में अवैध मजार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, संयुक्त टीम ने किया ध्वस्तीकरण, देखिए वीडियो