कोटद्वार नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान तेज, फुटपाथों से हटाए गए अतिक्रमण, हजारों का जुर्माना वसूला

खबर डोज, कोटद्वार। नगर निगम कोटद्वार द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को व्यापक अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम की टीम ने झंडा चौक, पटेल मार्ग, लालबत्ती चौक, बस स्टैंड सहित शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया।

नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि अभियान के दौरान निगम कर्मचारियों ने फुटपाथों पर लगाए गए अस्थायी ढांचे, रेडी, ठेली और फड़ को हटाने की कार्रवाई की। साथ ही व्यापारियों और अस्थायी दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर कब्जा न करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि फुटपाथ आम नागरिकों और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए हैं, इसलिए उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर व्यापारियों और नगर निगम कर्मचारियों के बीच बहस और नोकझोंक की स्थिति भी बनी, लेकिन प्रशासन ने शांतिपूर्ण ढंग से अभियान को जारी रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल ₹4500 का जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम प्रशासन ने विशेष रूप से रेडी-ठेली और फड़ संचालकों को मुख्य मार्गों पर व्यवसाय संचालित न करने की हिदायत दी। उन्हें मोहल्लों और गलियों में निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बद्रीनाथ मार्ग जैसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों पर किसी भी प्रकार की अस्थायी दुकानें न लगाने को कहा गया, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
अभियान को लेकर शहर में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई नागरिकों ने नगर निगम की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और पैदल चलने वालों को राहत मिलेगी। वहीं कुछ व्यापारियों और ठेला संचालकों ने कार्रवाई को लेकर नाराजगी भी जताई।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






भक्तोवाली में अवैध मजार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, संयुक्त टीम ने किया ध्वस्तीकरण, देखिए वीडियो 