डीएम की फटकार के बाद जारी है निगम के औचक निरीक्षण: अब घाटों के अतिक्रमण पर लगाम और GPS आधारित उपस्थिति व्यवस्था लागू

खबर डोज, हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की फटकार के बाद नगर निगम के सुस्त पड़े अधिकारी एक्टिव मोड में आ गए हैं। नगर आयुक्त नंदन कुमार IAS ने गुरुवार नाई घाट, सुभाष घाट, हर की पैड़ी चौक, संजय पुल तथा धनुष पुल क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण और घाटों की समग्र स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीम ने घाटों पर साफ–सफाई, यातायात सुगमता, भीड़ प्रबंधन और व्यापारिक गतिविधियों का बारीकी से मूल्यांकन किया।
नगर आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे सफाई एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान की स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों ने सराहना की गई। नाई घाट, सुभाष घाट और गऊघाट पर तैनात पीआरडी जवानों की सतत निगरानी के चलते घाटों पर अवैध अतिक्रमण लगभग समाप्त हो गया है। व्यापारियों ने साफ-सुथरे और व्यवस्थित वातावरण को लेकर नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
इसी बीच नगर निगम को कई बार शिकायतें प्राप्त हुईं कि कुछ सफाई कर्मचारी नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होते। इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने एक सप्ताह पूर्व कठोर और पारदर्शी उपस्थिति व्यवस्था लागू करने के आदेश जारी किए थे।
नए आदेश के तहत प्रत्येक सफाई कर्मचारी को सुबह और शाम दोनों शिफ्ट में GPS लोकेशन सहित अपनी उपस्थिति फोटो निर्धारित व्हाट्सएप ग्रुप में भेजना अनिवार्य कर दिया गया है। सभी निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे कर्मचारियों की कम से कम एक महीने की उपस्थिति रिपोर्ट सुरक्षित रखें। नगर निगम किसी भी समय आकस्मिक निरीक्षण कर उपस्थिति की जांच कर सकता है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया था, और इसके बाद से सभी कर्मचारी दोनों शिफ्टों में अपनी GPS आधारित उपस्थिति फोटो नियमित रूप से साझा कर रहे हैं। इस व्यवस्था से निगम क्षेत्र में 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित हो रही है।
नगर आयुक्त नंदन कुमार IAS ने कहा कि घाट क्षेत्र हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए यहां स्वच्छता और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण नियंत्रण, सफाई व्यवस्था में सुधार और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। GPS आधारित उपस्थिति प्रणाली ने पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत किया है तथा घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है और व्यापारियों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से यह अभियान और अधिक प्रभावी साबित होगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन, धीरेंद्र सेमवाल तथा सफाई नायक कपिल, अशोक चौहान, संदीप और अतुल मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







