तबादलों के बीच जिला अस्पताल हरिद्वार को मिली बड़ी राहत, दो विशेषज्ञ चिकित्सकों ने संभाला कार्यभार

खबर डोज, हरिद्वार। जिला अस्पताल हरिद्वार में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (पीएमएस) डॉ. राजेश गुप्ता के कार्यभार संभालने के बाद व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला अस्पताल को दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिली हैं, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
पीएमएस डॉ. राजेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि उप जिला चिकित्सालय विकासनगर से निश्चेतक (एनेस्थीसिया विशेषज्ञ) डॉ. प्रदीप चौहान तथा उप जिला चिकित्सालय मसूरी से बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष नेगी ने जिला अस्पताल हरिद्वार में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। दोनों चिकित्सकों के आने से अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाओं को मजबूती मिलेगी और मरीजों को इलाज के लिए अन्य अस्पतालों की ओर कम रुख करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि निश्चेतक चिकित्सक की उपलब्धता से अस्पताल में ऑपरेशन संबंधी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा, जबकि बाल रोग विशेषज्ञ के आने से बच्चों के उपचार में गुणवत्ता और सुविधा दोनों बढ़ेंगी। इससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी।
डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से बेहतर बनाया जाएगा। अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता, आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था, मरीजों को समय पर उपचार और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल को आमजन के लिए अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए तबादलों के तहत डॉ. राजेश गुप्ता ने जिला अस्पताल हरिद्वार के पीएमएस का कार्यभार संभाला है। उनके नेतृत्व में अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती को इसी प्रयास की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में जिला अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं में और अधिक सुधार देखने को मिल सकता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








