हरिद्वार में सनसनी: मंदिर परिसर में दफन मिले दो साधुओं के शव, दोहरे हत्याकांड से मचा हड़कंप

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार जनपद के पथरी थाना क्षेत्र स्थित एथल गांव के प्राचीन पथरेश्वर महादेव मंदिर में उस समय सनसनी फैल गई, जब मंदिर परिसर से दो साधुओं के शव बरामद हुए। दोनों शव मंदिर परिसर में खोदे गए गड्ढे में दफन मिले। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान सेवा गिरी और उनके एक साथी साधु के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पथरी पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों साधुओं की हत्या करने के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शवों को मंदिर परिसर में ही दफना दिया। घटना के पीछे आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद या अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल किसी एक कारण पर पहुंचने से बच रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में मंदिर के एक अन्य महंत सहित चार लोगों पर संदेह है। घटना के बाद से सभी संदिग्ध फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, कॉल डिटेल और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
इस नृशंस दोहरे हत्याकांड ने पूरे हरिद्वार और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। फरार संदिग्धों को जल्द गिरफ्तार कर हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है, जिससे हत्या के समय और परिस्थितियों के बारे में अहम जानकारी मिल सकेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







