टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए ग्राम प्रधान बनेंगे ‘निक्षय मित्र’, जिला पंचायत राज अधिकारी से मिले वरिष्ठ जिला क्षय रोग अधिकारी

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ जिला क्षय रोग अधिकारी (STO) डॉ. रमेश कुंवर ने मंगलवार को विकास भवन रोशनाबाद में जिला पंचायत राज अधिकारी मुस्तफा खान से मुलाकात की। बैठक में जनपद में संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्राम प्रधानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। यह पहल राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे टीबी उन्मूलन अभियान के अनुरूप है, जिसमें समुदाय और स्थानीय संस्थाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

डॉ. रमेश कुंवर ने बताया कि वर्ष 2025 में हरिद्वार जनपद की 65 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया। इनमें 8 ग्राम पंचायतों को स्वर्ण, 10 ग्राम पंचायतों को रजत तथा 47 ग्राम पंचायतों को कांस्य श्रेणी में प्रमाणित किया गया है।

बैठक में जनपद के सभी ग्राम प्रधानों को ‘निक्षय मित्र’ बनाकर टीबी रोगियों को गोद लेने और उनके उपचार, पोषण एवं मनोबल बढ़ाने में सहयोग करने पर भी चर्चा हुई। जिला पंचायत राज अधिकारी मुस्तफा खान ने इस पहल का समर्थन करते हुए जनपद के सभी ग्राम प्रधानों को निक्षय मित्र बनने के लिए प्रेरित करने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से टीबी मरीजों को बेहतर सहयोग मिलेगा और हरिद्वार को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को शीघ्र हासिल करने में मदद मिलेगी।

You cannot copy content of this page