देहरादून में महिला न्यायिक अधिकारी के अपहरण का प्रयास, सुनसान गली में ले जाने का आरोप

ख़बर शेयर करें -

–बुकिंग के तय किराये से दोगुनी रकम मांगने का आरोप, विरोध करने पर सुनसान गली में ले गया चालक

खबर डोज, देहरादून। राजधानी देहरादून में एक महिला न्यायिक अधिकारी के साथ कैब यात्रा के दौरान बदसलूकी और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि कैब चालक ने निर्धारित किराये से दोगुनी रकम मांगी। महिला अधिकारी ने जब इसका विरोध किया तो चालक उन्हें सुनसान गली में ले गया और उनके साथ अभद्रता करने लगा। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे डालनवाला क्षेत्र की एक सरकारी कॉलोनी की है। यहां रहने वाली अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने एक कंपनी के माध्यम से वाहन बुक किया था। आरोप है कि रास्ते में चालक मोहन खत्री निवासी आर्केडियाग्रांट, पटेल नगर ने यात्रा की दूरी अधिक बताते हुए दोगुना किराया मांगा।

महिला न्यायिक अधिकारी ने चालक से कहा कि वह बुकिंग के समय तय किए गए किराये का ही भुगतान करेंगी। इस पर उन्होंने संबंधित कंपनी के अधिकारी को फोन कर मामले की जानकारी दी। कंपनी की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया कि चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सुनसान गली में ले जाकर की अभद्रता

आरोप है कि इसके बाद चालक महिला अधिकारी को रास्ते में एक सुनसान गली में ले गया। गली आगे से बंद थी। यहां चालक ने उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद एक गार्ड ने चालक से पूछा कि क्या हुआ है। चालक ने जवाब दिया कि मैडम को रास्ता बताना चाहिए था।

बताया गया कि इसके बाद चालक ने गार्ड के साथ भी मारपीट करने का प्रयास किया। कुछ देर बाद वह गाड़ी से उतर गया और राइड कैंसिल कर दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना के बाद एसएचओ डालनवाला विनोद गुसाईं ने बताया कि महिला न्यायिक अधिकारी ने कोर्ट मोहर्रिर को फोन कर घटना की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस आरोपी चालक को थाने लेकर आई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

You cannot copy content of this page