सिडकुल में बड़ा हादसा: बारिश के दौरान नाले में बही 6 वर्षीय बच्ची, एक को बचाया, पुलिस और एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन, देखिए वीडियो

–पुलिया पर खेल रहे थे बच्चे, तेज बारिश के बाद नाले में गिरे, SDRF और पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
खबर डोज, हरिद्वार। सोमवार को हरिद्वार में हुई तेज बारिश के दौरान सिडकुल थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। रावली महदूद क्षेत्र में पुलिया के पास खेल रहे दो बच्चे अचानक पानी का बहाव बढ़ने के कारण नाले में गिर गए। हादसे में एक बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दूसरी बच्ची पानी के तेज बहाव में बह गई।
जानकारी के मुताबिक, थाना सिडकुल पुलिस को सूचना मिली कि कृपाल स्कूल के पास रावली महदूद क्षेत्र में बारिश के दौरान करीब 6 वर्षीय विधिका पुत्री गौतम कुमार, निवासी ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, बिजनौर, हाल निवासी रावली महदूद, नाले में बह गई है।
बताया जा रहा है कि बच्चे पुलिया के पास खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश होने लगी और नाले में पानी का बहाव तेजी से बढ़ गया। पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों बच्चे नाले में गिर गए।
हादसे में 7 वर्षीय हिमानी को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से बचा लिया गया। वहीं विधिका तेज बहाव में बह गई। सूचना मिलते ही थाना सिडकुल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और SDRF टीम के साथ बालिका की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
पुलिस और SDRF की टीम नाले में बालिका की तलाश कर रही है। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी हुई है। लगातार बारिश और तेज पानी के बहाव के चलते रेस्क्यू टीम को भी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस के अनुसार, बालिका की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और रेस्क्यू अभियान जारी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







