हरिद्वार में बड़ी गैंगवार की साजिश नाकाम: दो अवैध पिस्टल और 10 कारतूस के साथ शातिर गिरफ्तार

खबर डोज, हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देशों पर हरिद्वार जिले में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली नगर पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से धर्मनगरी में एक संभावित गैंगवार की वारदात टल गई। पुलिस ने दुधियाबंद क्षेत्र से अवैध असलहों के साथ घूम रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा, जिसके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया आरोपी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 6 सितंबर 2026 की है जब कोतवाली नगर पुलिस की एक टीम गश्त पर तैनात थी। चित्रकूट घाट के समीप संदिग्ध अवस्था में पीठू बैग टांगे घूम रहा एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखते ही अचानक घबराकर तेजी से पीछे मुड़ने लगा। पुलिसकर्मियों ने संदेह होने पर तुरंत घेराबंदी कर उसे रोक लिया। जब उसके बैग की गहन तलाशी ली गई तो उसके अंदर से 32 बोर की दो पिस्टल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
भाई की हत्या का बदला लेने की थी योजना
पूछताछ में पुलिस की कड़ाई के आगे आरोपी ने अपनी पूरी योजना का खुलासा कर दिया। उसने स्वीकार किया कि वर्ष 2010 में उसके बड़े भाई की हत्या कर दी गई थी और वह लंबे समय से अपने भाई के हत्यारों से बदला लेने की फिराक में था।
गैंगवार और अपनी सुरक्षा के खतरे के चलते वह अप्रैल 2026 में हरिद्वार आ गया था और यहां एक आश्रम को लीज पर लेकर होटल के रूप में व्यापार कर रहा था। हाल ही में उसे सूचना मिली कि उसके भाई की हत्या के आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आ गए हैं और हरिद्वार की ओर रुख कर रहे हैं। इसी के चलते उसने अवैध हथियारों का इंतजाम किया था और हत्या की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था।
आरोपी की पहचान और विधिक कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनोज कुमार (उम्र 45 वर्ष), पुत्र महावीर सिंह, निवासी ग्राम बुडीना कला, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सफलता दिलाने वाली पुलिस टीम
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक खेमेंद्र गंगवार, हेड कांस्टेबल प्रदीप पंवार और हेड कांस्टेबल गुलशन नेगी शामिल रहे।
एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







