हरिद्वार जिले में डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जागरूकता अभियान किया तेज, 27 रैपिड टेस्ट में एक पॉजिटिव

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में डेंगू की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार निगरानी और स्रोत नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने 7 सितंबर 2026 की डेंगू क्लिनिकल एवं एंटी-डेंगू गतिविधि रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए घर-घर जाकर लार्वा की जांच और संभावित स्रोतों को चिन्हित करने का अभियान जारी है।

रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को 27 डेंगू रैपिड टेस्ट किए गए, जिनमें एक टेस्ट पॉजिटिव पाया गया। वहीं, डेंगू ELISA टेस्ट आज नहीं किया गया। रिपोर्ट में डेंगू पॉजिटिव केस की अलग तालिका में आज के पॉजिटिव केस तथा संचयी पॉजिटिव केस की संख्या शून्य दर्ज है।

डेंगू के मच्छरों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे सोर्स रिडक्शन अभियान में भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। सोमवार को ASHA कार्यकर्ताओं ने 1,761 घरों की जांच की, जिनमें 8 घरों में लार्वा पाया गया। इस दौरान 2,795 कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें 8 कंटेनर लार्वा पॉजिटिव मिले। वहीं डेंगू वॉलंटियर्स ने 3,909 घरों की जांच की, जिनमें 425 घर लार्वा पॉजिटिव पाए गए। वॉलंटियर्स ने 17,307 कंटेनरों की जांच की, जिनमें 517 में लार्वा मिला।

रिपोर्ट के संचयी आंकड़ों के मुताबिक अब तक ASHA कार्यकर्ताओं और डेंगू वॉलंटियर्स द्वारा कुल 1,95,558 घरों की जांच की जा चुकी है। इनमें 7,667 घर लार्वा पॉजिटिव मिले हैं। इसी तरह कुल 7,07,294 कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें 9,049 कंटेनर लार्वा पॉजिटिव पाए गए।

जिला मलेरिया अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने लोगों से अपील की कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और कूलर, गमले, टायर, खाली बर्तन आदि में ठहरे पानी को नियमित रूप से साफ करें। बारिश के मौसम में डेंगू के मच्छरों की रोकथाम के लिए सावधानी और जागरूकता को सबसे प्रभावी हथियार बताया गया है।

You cannot copy content of this page