ऑपरेशन प्रहार के तहत गंगनहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, रुड़की। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रुड़की के माधोपुर अंडरपास क्षेत्र से दबोचा गया।

जानकारी के अनुसार, 01 जून 2026 को कोतवाली गंगनहर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि हसीन उर्फ गोरिया पुत्र जानी उर्फ सलीम, निवासी सालियर सालहपुर, उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने 04 जून को आरोपी हसीन उर्फ गोरिया को माधोपुर अंडरपास, रुड़की से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता को पिछले लगभग एक वर्ष से जानता था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गंगनहर पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है तथा मामले की जांच जारी है। महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में हरिद्वार पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।

You cannot copy content of this page