गुमानीवाला के जंगल में शराब पीने से रोकने पर फायरिंग, दो ग्रामीण घायल, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार, देखिए वीडियो

खबर डोज, ऋषिकेश। गुमानीवाला क्षेत्र के भट्टोवाला जंगल में शराब पीने का विरोध करने पर तीन युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फायरिंग में दो स्थानीय निवासी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भट्टोवाला जंगल क्षेत्र में तीन युवक शराब का सेवन कर रहे थे और आपस में गाली-गलौज करते हुए हंगामा कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने युवकों को शराब पीने और शोर-शराबा करने से रोका। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। भीड़ एकत्र होने पर तीनों युवक वहां से चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ समय बाद तीनों युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और उनके पास हथियार भी था। स्थानीय निवासी मनीष व्यास और यशपाल ने जब उन्हें फिर से शराब पीने और उत्पात मचाने से रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि युवकों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में मनीष व्यास के पैर में गोली लगी, जबकि यशपाल के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर तीनों आरोपी अपनी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। हालांकि ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा, जिसे देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।
कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और फायरिंग से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







