हरिद्वार समेत देहरादून संभाग में परिवहन विभाग का सघन अभियान, 230 वाहनों के चालान, 71 सीज

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने देहरादून संभाग के अंतर्गत देहरादून, विकासनगर, ऋषिकेश, रुड़की, हरिद्वार, टिहरी और उत्तरकाशी क्षेत्रों में तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान ओवर स्पीडिंग, रैश ड्राइविंग, बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन, निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग, वाहनों में अनधिकृत हूटर-सायरन, काली फिल्म और अवैध लाइटों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 2 जून से 4 जून 2026 तक चलाए गए इस अभियान में प्रवर्तन दलों ने कुल 230 वाहनों के चालान किए, जबकि 71 वाहनों को सीज किया गया।

अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई ओवर स्पीडिंग और निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग के मामलों में की गई। विभाग ने 82 वाहनों का चालान ओवर स्पीडिंग में तथा 79 वाहनों का चालान निजी वाहनों से किराये पर सवारी ढोने के आरोप में किया। इसके अलावा बिना परमिट, बिना फिटनेस, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना बीमा, सीट बेल्ट का उपयोग न करने समेत विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।

प्रवर्तन टीमों ने आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन, प्रमुख पर्यटन स्थलों, राष्ट्रीय राजमार्गों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष रूप से चेकिंग अभियान चलाया। देहरादून में अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) पंकज श्रीवास्तव ने किया। उनके साथ परिवहन कर अधिकारी एम.डी. पपनोई, अनुराधा पंत, प्रज्ञा पंत तथा बाइक स्क्वॉड की टीम भी मौजूद रही।

ऋषिकेश में एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत, हरिद्वार में एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, भारत भूषण और मनीषा शाह ने अभियान चलाया। वहीं रुड़की में एआरटीओ कृष्ण चंद्र पलाड़िया, विकासनगर में एआरटीओ अनिल नेगी, टिहरी में एआरटीओ सतेंद्र राज तथा उत्तरकाशी में एआरटीओ सुवर्णा नौटियाल के नेतृत्व में प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि वर्तमान में पर्यटन सीजन और चारधाम यात्रा के चलते प्रदेश की सड़कों पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है। ऐसे में वाहनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं को रोकना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान वाहन चालकों और यात्रियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।

उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील करते हुए कहा कि ओवर स्पीडिंग, रैश ड्राइविंग और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। साथ ही किराये पर यात्रा के लिए केवल पीले नंबर प्लेट वाले अधिकृत व्यावसायिक वाहनों का ही उपयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटना नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी समय-समय पर जारी रहेंगे।

You cannot copy content of this page