रुड़की में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: साउथ सिविल लाइंस में छापेमारी, मिले 101 एलपीजी सिलेंडर

खबर डोज, रुड़की। देहरादून की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने रुड़की में बड़ी कार्रवाई करते हुए साउथ सिविल लाइंस क्षेत्र में छापा मारा। संदिग्ध गतिविधियों की लगातार मिल रही सूचना के आधार पर टीम ने ताबड़तोड़ रेड की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान मौके से कुल 101 एलपीजी गैस सिलेंडर मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इनमें से अधिकांश सिलेंडर ‘इंद्रा गैस’ कंपनी के बताए जा रहे हैं। हालांकि, हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मिले सभी सिलेंडर खाली थे, जिससे इनके इस्तेमाल और भंडारण को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और सिलेंडरों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार यह पता लगाया जा रहा है कि सिलेंडरों का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था और क्या इनके भंडारण में किसी प्रकार की अनियमितता या अवैधता शामिल है।
एसटीएफ और संबंधित विभागों द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है। अवैध गतिविधियों की आशंका को देखते हुए जिम्मेदार लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








