कीचड़ और फिसलन से भरा निर्माणाधीन गुमखाल-सतपुली मार्ग, जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे लोग, वीडियो वायरल

खबर डोज, कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल के महत्वपूर्ण गुमखाल-सतपुली मार्ग पर इन दिनों बारिश के चलते राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। निर्माणाधीन सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और फिसलन होने के कारण वाहन चालकों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच मार्ग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क की बदहाल स्थिति साफ नजर आ रही है।
बारिश के बाद निर्माणाधीन हिस्सों में सड़क कीचड़ से लथपथ हो गई है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा बना हुआ है। वहीं चौपहिया वाहन चालक भी फिसलन के बीच बेहद सावधानी से सफर करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है, लेकिन बारिश के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में सड़क पर कीचड़ और पानी जमा दिखाई दे रहा है। कई स्थानों पर सड़क की सतह बेहद फिसलन भरी नजर आती है। ऐसे हालात में यदि किसी वाहन का संतुलन बिगड़ जाए तो गंभीर हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था और सड़क की स्थिति को लेकर संबंधित जिम्मेदार विभाग को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। बारिश के मौसम में कीचड़ हटाने, सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम किए जाने की आवश्यकता है।
गुमखाल-सतपुली मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से आवाजाही करते हैं। ऐसे में सड़क की मौजूदा स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी से मांग की है कि मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







