सिडकुल हरिद्वार में नाले में बही छह वर्षीय बच्ची का शव 30 घंटे बाद रानीपुर क्षेत्र से बरामद

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में बारिश के दौरान नाले में बही छह वर्षीय बच्ची का शव करीब 30 घंटे चले सर्च अभियान के बाद रानीपुर क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। बच्ची की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को थाना सिडकुल पुलिस को सूचना मिली थी कि रावली महदूद क्षेत्र में दो बच्चियां नाले के तेज बहाव में बह गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया। हादसे में हिमानी पुत्री सोहनपाल, उम्र करीब सात वर्ष, किसी तरह सुरक्षित बच गई थी, जबकि उसकी छह वर्षीय बहन विधिका पुत्री गौतम तेज बहाव में बह गई थी।

विधिका मूल रूप से ग्राम फरीदपुर, थाना कीरतपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी और वर्तमान में रावली महदूद क्षेत्र में मनोज ठेकेदार के मकान में रह रही थी।

बच्ची के नाले में बहने की सूचना के बाद सिडकुल पुलिस ने लगातार अभियान चलाते हुए संभावित स्थानों पर तलाश की। पुलिस टीम ने नाले के बहाव वाले क्षेत्रों में बच्ची की खोजबीन की। करीब 30 घंटे की लगातार तलाश के बाद 8 सितंबर को रानीपुर थाना क्षेत्र में बच्ची का शव बरामद हुआ।

शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने बच्ची की शिनाख्त विधिका के रूप में की। बच्ची का शव आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में दाखिल कराया गया है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा समेत अन्य अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

बारिश के दौरान नालों में अचानक बढ़े पानी के कारण हुए इस हादसे ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बारिश के मौसम में खुले नालों और जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

You cannot copy content of this page