देहरादून पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 32 निरीक्षक -उपनिरीक्षकों के तबादले, दो पुराने तबादले भी निरस्त

ख़बर शेयर करें -

कई थाना और चौकी प्रभारियों की बदली जिम्मेदारी, पुलिस प्रशासन में व्यापक स्तर पर हुआ बदलाव

खबर डोज, देहरादून। देहरादून पुलिस महकमे में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक, उपनिरीक्षक और अपर उपनिरीक्षक स्तर के कुल 32 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादलों के साथ कई प्रमुख थानों और पुलिस चौकियों के प्रभारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं।

फेरबदल के तहत निरीक्षक विनोद गुसाईं को थाना पटेलनगर से प्रभारी निरीक्षक थाना डालनवाला बनाया गया है, जबकि निरीक्षक नरेश राठौर को थाना प्रेमनगर से हटाकर थाना पटेलनगर की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह निरीक्षक संतोष कुंवर को प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ से प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट नियुक्त किया गया है। थाना डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र गहलावत को थाना मसूरी भेजा गया है।

वहीं, निरीक्षक देवेन्द्र चौहान को थाना मसूरी से थाना प्रेमनगर की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक प्रदीप रावत को थाना सहसपुर से प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ पुलिस कार्यालय भेजा गया है।

थानाध्यक्षों की जिम्मेदारियां भी बदलीं

उपनिरीक्षक स्तर पर भी व्यापक बदलाव किया गया है। मोहन सिंह को क्लेमेन्टटाउन से थानाध्यक्ष रायवाला, लोकपाल परमार को सेलाकुई से थानाध्यक्ष क्लेमेन्टटाउन तथा गिरीश नेगी को एसआईएस शाखा से थानाध्यक्ष प्रेमनगर बनाया गया है।

इसी क्रम में शैली कुमार को बसन्तविहार से सेलाकुई, मनोज नौटियाल को नेहरूकॉलोनी से सहसपुर तथा अमित शर्मा को चौकी झाझरा से थानाध्यक्ष बसन्तविहार की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रधुमन नेगी को चौकी झाझरा का प्रभारी बनाया गया है।

कई चौकी प्रभारियों की अदला-बदली भी की गई है। प्रवीण सैनी को कुठालगेट से सम्बावाला और अरविन्द पंवार को सम्बावाला से कुठालगेट भेजा गया है। आशीष कुमार को बाजार पटेलनगर चौकी प्रभारी तथा प्रवीण पुण्डीर को थाना सहसपुर में तैनाती दी गई है।

इसके अलावा वैभव गुप्ता को कुल्हाल से जाखन और सूरज कण्डारी को जाखन से कुल्हाल चौकी प्रभारी बनाया गया है। दीपक गैरोला को पंडितवाड़ी से हर्रावाला तथा कमलेश गौड़ को हर्रावाला से पंडितवाड़ी भेजा गया है।

महिला पुलिस अधिकारियों की भी बदली तैनाती

तबादला आदेश में महिला पुलिस अधिकारियों की तैनाती में भी बदलाव किया गया है। वदना नेगी को पुलिस लाइन से थाना सहसपुर, संयोगिता रावत को मसूरी से एसआईएस शाखा, रजनी चमोली को एसआईएस शाखा से कोतवाली नगर तथा शालू धारीवाला को कोतवाली नगर से एसआईएस शाखा भेजा गया है।

इसके साथ ही अनीता बिष्ट को डालनवाला से राजपुर, रश्मि रावत को नेहरूकॉलोनी से मसूरी तथा पिंकी पंवार को रायपुर से रानीपोखरी तैनात किया गया है।

आदेश के तहत अन्य पुलिसकर्मियों की तैनाती में भी बदलाव किया गया है। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

दो पुराने तबादले भी निरस्त

पुलिस आदेश में 7 जुलाई 2026 को जारी पूर्व आदेश के दो स्थानांतरण निरस्त किए गए हैं। मनवर नेगी का थाना रायवाला से थाना प्रेमनगर किया गया तबादला निरस्त कर उन्हें थाना डोईवाला में तैनात किया गया है। वहीं सुधा बिष्ट का थाना सहसपुर से थाना डोईवाला किया गया स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें थाना कैंट में तैनाती दी गई है।

पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को आगामी दिनों में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

You cannot copy content of this page