लक्सर: घर में चोरी का खुलासा, परिचित युवकों ने साथियों संग दिया वारदात को अंजाम, देखिए वीडियो

–सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल बाइक भी मिली
खबर डोज, लक्सर। लक्सर कोतवाली पुलिस ने मुंडाखेड़ा कलां गांव में हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों के साथ वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की इस वारदात को गांव के ही परिचित युवकों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार, 30-31 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि मुंडाखेड़ा कलां निवासी नवीन के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया था। चोर घर में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए थे। शिकायत मिलने पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों की निगरानी करने के साथ संदिग्ध लोगों की गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 8 सितंबर को दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका शिकायतकर्ता के घर पहले से आना-जाना था। इसी दौरान उन्हें घर में नकदी और सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद आरोपियों ने नकदी खर्च कर दी, जबकि आभूषणों को बेचकर प्राप्त रकम को आपस में बांटने की योजना बनाई थी। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। शिकायतकर्ता ने बरामद आभूषणों की मौके पर शिनाख्त कर उन्हें अपना बताया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष सैनी उर्फ गादड़ (26 वर्ष) पुत्र सुखबीर सैनी और ललित कुमार उर्फ पाशा (24 वर्ष) पुत्र मुनेश, दोनों निवासी ग्राम मुंडाखेड़ा कलां, लक्सर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चैन मय लॉकेट, झुमके, अंगूठियां, टॉप्स, बिछुए, चांदी के सिक्के, कड़े समेत कई सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
मामले में पुलिस ने मुकदमे में धारा 3(5) और 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश और तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में एसएचओ प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक शहजाद अली, उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश, कांस्टेबल संजय कुमार और कांस्टेबल संदीप रावत शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







