चारधाम यात्रा 2026: आईजी सुनील कुमार मीणा ने टिहरी एसएसपी श्वेता चौबे के साथ किया यात्रा मार्ग का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर दिए अहम निर्देश

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक (लॉ एंड ऑर्डर) सुनील कुमार मीणा ने शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के साथ चारधाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों, पुलिस चौकियों, पंजीकरण केंद्रों और संवेदनशील स्थानों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बद्रीनाथ रूट के निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। आईजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे।

इसके अलावा मुनि की रेती क्षेत्र में भ्रमण के दौरान पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लेते हुए आईजी ने तैनात पुलिसकर्मियों को उच्च मानकों के अनुरूप कार्य करने, यात्रियों के साथ सौम्य और सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई। आईजी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और व्यावहारिक एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

आईजी सुनील कुमार मीणा ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था और प्रतिष्ठा से जुड़ी है, ऐसे में सभी विभागों की जिम्मेदारी है कि वे मिलकर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करें।

You cannot copy content of this page