“नियमों से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त”, एसएसपी श्वेता चौबे की सख्ती, काली फिल्म और रैश ड्राइविंग पर चला विशेष अभियान, वायरल हुई वीडियो

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने खास तौर पर उन वाहनों को निशाने पर लिया, जिनमें अवैध रूप से काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) लगी हुई थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर ही वाहनों से काली फिल्म हटवाई और संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की।
इसके अलावा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वाले (रैश ड्राइविंग), बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वाले तथा सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्ती बरती गई। पुलिस ने कई वाहन चालकों के चालान किए और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
पुलिस प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लगातार चलाए जा रहे इन अभियानों से यातायात व्यवस्था में सुधार और सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








