चारधाम यात्रा 2026: टिहरी पुलिस अलर्ट मोड में, एसएसपी श्वेता चौबे ने किया यात्रा मार्ग का जमीनी निरीक्षण

खबर डोज, नई टिहरी। चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए टिहरी गढ़वाल पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने नई टिहरी, घनसाली, कीर्तिनगर से लेकर ढालवाला तक के प्रमुख यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बीते 20 और 21 अप्रैल को एसएसपी चौबे ने चारधाम यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले विभिन्न थाना क्षेत्रों, चौकियों और पर्यटन पुलिस केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पीपल डाली, दुगड्डा, मलेथा पर्यटन बूथ, भल्लेगांव, देवप्रयाग थाना, बछेलीखाल, साकनीधार आपदा राहत/पर्यटन पुलिस चौकी, ब्यासी, गूलर और शिवपुरी चौकी समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा किया गया।

निरीक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों से फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। खासतौर पर मुनिकीरेती क्षेत्र में सुरक्षा को हाईटेक बनाने के लिए 60 सीसीटीवी कैमरे और 12 आईपी आधारित पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित किए गए हैं, जिससे 24 घंटे निगरानी और त्वरित सूचना प्रसारण सुनिश्चित होगा।

एसएसपी श्वेता चौबे ने निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए, भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहे, और सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता व अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए ताकि उन्हें सुरक्षित और सहज यात्रा का अनुभव मिल सके।
इसके साथ ही सीसीटीवी और अन्य तकनीकी संसाधनों की नियमित मॉनिटरिंग, आपात स्थिति में रेस्क्यू टीम, एम्बुलेंस और आपदा प्रबंधन इकाइयों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। यात्रा मार्गों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए भी स्पष्ट आदेश जारी किए गए।
एसएसपी चौबे ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और पर्यटन का प्रमुख आधार है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे समन्वय, संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ कार्य करें, ताकि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा अनुभव मिल सके। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत और मॉनिटर करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







