चारधाम यात्रा: तपोवन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभालने खुद मैदान में उतरीं SSP श्वेता चौबे, ड्रोन और CCTV से कड़ी निगरानी

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। चारधाम यात्रा शुरू होते ही टिहरी गढ़वाल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे खुद मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं।

रविवार को एसएसपी श्वेता चौबे ने मुनि की रेती क्षेत्र में भद्रकाली से तपोवन चौकी तक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों की स्थिति का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने से पहले ही उसका समाधान किया जा सके।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और यातायात संचालन को सुव्यवस्थित रखा जाए। साथ ही यात्रियों को सही मार्गदर्शन और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि टिहरी पुलिस चारधाम यात्रा के दौरान पूरी प्रतिबद्धता और मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके। पुलिस द्वारा सतत निगरानी और समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू बनाए रखने की कोशिश जारी है।

You cannot copy content of this page