उत्तराखंड में महिला आरक्षियों के पद बढ़ाकर 2000 करने के प्रस्ताव को सीएम धामी की मंजूरी, 1474 पदों की होगी वृद्धि

–वर्तमान में 526 स्वीकृत पदों के सापेक्ष बढ़ेगी संख्या, महिला पुलिस कर्मियों के समायोजन और पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में पहल
खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड में महिला पुलिस कर्मियों के लिए सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के तहत महिला आरक्षियों के लिए 1474 अतिरिक्त पदों की व्यवस्था का मार्ग प्रशस्त होगा।
सरकार के इस कदम को प्रदेश पुलिस में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और वर्तमान में कार्यरत महिला आरक्षियों के समायोजन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बिना अतिरिक्त वित्तीय भार के होगी पदों की व्यवस्था
प्रस्ताव के अनुसार, 1474 अतिरिक्त पदों को अन्य संवर्गों एवं पुलिस की विभिन्न शाखाओं में स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाने की योजना है। कार्मिक विभाग ने इस संबंध में बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार के और कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि किए बिना सहमति व्यक्त की है।
इसके साथ ही वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का पृथक प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त भी रखी गई है।
महिला पुलिस कर्मियों को मिलेंगे बेहतर अवसर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षियों के पदों की संख्या बढ़ाने से उनके समायोजन और भविष्य में पदोन्नति के अवसरों को लेकर व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद अब इस प्रस्ताव के अनुरूप पदों के समायोजन और उच्चतर पदों के पुनर्गठन की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। इससे प्रदेश पुलिस में कार्यरत महिला कर्मियों को बेहतर सेवा अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







रुड़की में कहां है चालानी ड्रामा करने वाली सीपीयू, रुड़की के रामनगर बाजार में सड़क के बीचों-बीच खड़ी कारों से यातायात बेहाल 
