सीएमएस डॉ. राजेश गुप्ता बने जिला अस्पताल के पीएमएस, डॉ. शशिकांत ने संभाली मेला अस्पताल की कमान, डॉ. श्याम सोनी का डीजी कार्यालय तबादला

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार के स्वास्थ्य महकमे में सोमवार को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल देखने को मिला। मेला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. राजेश गुप्ता ने जिला अस्पताल हरिद्वार के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (पीएमएस) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। वहीं जिला अस्पताल में कार्यरत डॉ. शशिकांत ने मेला अस्पताल के नए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) के रूप में पदभार संभाल लिया। दूसरी ओर जिला अस्पताल के पूर्व पीएमएस डॉ. श्याम किशोर सोनी का तबादला महानिदेशक (डीजी) चिकित्सा स्वास्थ्य कार्यालय, देहरादून कर दिया गया है।

सोमवार को दोनों अधिकारियों ने अपने-अपने नए पदों का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही सभी ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी एवं मरीजों के अनुकूल बनेंगी।

नवनियुक्त पीएमएस डॉ. राजेश गुप्ता लंबे समय से चिकित्सा सेवाओं में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। मेला अस्पताल में सीएमएस के रूप में उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और बड़े आयोजनों के दौरान चिकित्सा सेवाओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अब जिला अस्पताल की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की अपेक्षा की जा रही है।

वहीं डॉ. शशिकांत के मेला अस्पताल की कमान संभालने से अस्पताल की व्यवस्थाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है। आगामी स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों और विशेष अवसरों को देखते हुए उनके अनुभव का लाभ मरीजों और अस्पताल प्रशासन को मिलेगा।

उधर, डॉ. श्याम किशोर सोनी के डीजी कार्यालय, देहरादून स्थानांतरण पर जिला अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वास्थ्य विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल को अस्पतालों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page