कांवड़ मेला-2027: उत्तराखंड–यूपी सीमा पर वरिष्ठ अधिकारियों का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2027 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों के तहत सोमवार को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने हरिद्वार–बिजनौर अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र का संयुक्त समन्वय निरीक्षण किया।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिजनौर, पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात हरिद्वार, पुलिस अधीक्षक नगर बिजनौर तथा पुलिस अधीक्षक यातायात बिजनौर ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन, कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही और दोनों राज्यों के बीच समन्वय की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।

अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों और संभावित भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान दोनों राज्यों के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

निरीक्षण के दौरान दोनों जनपदों के यातायात प्रभारी, सीमा क्षेत्र के थाना प्रभारी एवं प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, निर्बाध यातायात संचालन, सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपसी समन्वय को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए अंतर्राज्यीय सीमा पर विशेष निगरानी, समन्वित पुलिस व्यवस्था और यातायात संचालन को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस लगातार संयुक्त रूप से कार्य करेगी, जिससे कांवड़ यात्रा सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

You cannot copy content of this page