देहरादून में तैनात एलआईयू इंस्पेक्टर मनोज मनराल का निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। जनपद देहरादून में स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात मनोज मनराल का हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने दिवंगत अधिकारी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मूल रूप से जनपद अल्मोड़ा के निवासी मनोज मनराल अपने सौम्य व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदार कार्यशैली के लिए पुलिस विभाग में विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने वर्ष 2002 में स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) में उपनिरीक्षक के रूप में पुलिस सेवा में प्रवेश किया था। अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और कार्यकुशलता के बल पर उन्होंने विभाग में अलग पहचान बनाई। अक्टूबर 2025 से वह देहरादून में एलआईयू इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहे थे।

उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग ने एक अनुभवी, कर्मठ और समर्पित अधिकारी को खो दिया है। विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

You cannot copy content of this page