शंकर डेयरी समेत ज्वालापुर क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध शराब के काउंटर, आबकारी विभाग की चुप्पी खड़े कर रही सवाल

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के दावों के बीच ज्वालापुर क्षेत्र में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री होने के आरोप सामने आ रहे हैं। शंकर डेयरी समेत ज्वालापुर के कई गली-मोहल्लों में अवैध शराब के काउंटर धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक ज्वालापुर के कई इलाकों में ऐसे कई अवैध काउंटर संचालित हैं, जहां रोजाना बड़ी मात्रा में शराब की बिक्री होती है। आरोप है कि इस कारोबार से जुड़े लोग बेखौफ होकर काम कर रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने यह भी आशंका जताई कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो युवाओं में नशे की लत और अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी हो सकती है।
जानकारी के मुताबिक आबकारी विभाग ने कुछ समय पहले शंकर डेयरी क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। उस समय कुछ दिनों तक गतिविधियां बंद रहीं, लेकिन मामला शांत पड़ते ही कथित तौर पर फिर से अवैध शराब की बिक्री शुरू हो गई।
अवैध शराब के खिलाफ समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन कार्रवाई का असर कुछ दिनों तक ही दिखाई देता है। इसके बाद कथित तौर पर फिर वही स्थिति बन जाती है। ऐसे में आबकारी विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि ज्वालापुर और शंकर डेयरी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब के कारोबार की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध शराब के इस कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और आम लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







