कोटद्वार के पुलिड़ा मार्ग पर खाई में लावारिस हालत में मिली हरियाणा नंबर की बाइक, चालक का नहीं लगा सुराग, देखिए वीडियो

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार क्षेत्र में पुलिंडा मार्ग पर जामुन बैंड के पास गुरुवार सुबह एक हरियाणा नंबर की मोटरसाइकिल गहरी खाई में लावारिस हालत में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को खाई से बाहर निकालकर सुरक्षित कोतवाली पहुंचाया और उसके मालिक का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:20 बजे क्षेत्राधिकारी कार्यालय कोटद्वार में तैनात हेड कांस्टेबल पारस रतूड़ी को सूचना मिली कि गिवाई स्रोत से पुलिंडा जाने वाले मार्ग पर जामुन बैंड के पास सड़क से लगभग 30 मीटर नीचे एक मोटरसाइकिल गिरी हुई है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने खाई में उतरकर जांच की तो वहां HR26 FA-8962 नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल मिली। बाइक में चाबी लगी हुई थी, लेकिन आसपास किसी व्यक्ति का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने आसपास की झाड़ियों में भी तलाश की, लेकिन न तो कोई घायल मिला और न ही खून के निशान या ताजा टूटी हुई झाड़ियां मिलीं।
ई-चालान मशीन से वाहन का विवरण जांचने पर बाइक हरियाणा के गुरुग्राम निवासी जुनैद पुत्र मोहम्मद के नाम पर पंजीकृत पाई गई। वाहन से जुड़े मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।
पुलिस ने रस्सियों की मदद से मोटरसाइकिल को खाई से बाहर निकालकर सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली कोटद्वार में रखवा दिया है। पुलिस वाहन स्वामी और चालक का पता लगाने के साथ ही मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शशिभूषण जोशी, अपर उपनिरीक्षक वीर बहादुर, हेड कांस्टेबल सुनील मलिक, हेड कांस्टेबल पारस रतूड़ी, हेड कांस्टेबल जयेन्द्र तथा कांस्टेबल अमित शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







