डीएम हरिद्वार की पहल लाई रंग, महिला समूहों की चमकी दीपावली, लगभग 20 लाख की बिक्री कर पेश की आत्मनिर्भरता की मिसाल

ख़बर शेयर करें -

स्थानीय उत्पादों की जमकर हुई खरीदारी

खबर डोज, हरिद्वार। दीपावली के अवसर पर हरिद्वार की महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल पर जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित दीपावली मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने हुनर और मेहनत से लगभग 19.46 लाख रुपये का व्यापार किया।

मेले में महिला समूहों की ओर से हस्तनिर्मित दीप, सजावटी सामग्री, घरेलू उत्पाद, खाद्य सामग्री, वस्त्र और हस्तशिल्प वस्तुओं की बिक्री की गई। स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और आकर्षण को देखते हुए नागरिकों ने जमकर खरीदारी की, जिससे समूहों को अच्छी आमदनी हुई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि “महिला स्वयं सहायता समूह अब ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनते जा रहे हैं। दीपावली मेला जैसे आयोजन उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं। जनता ने भी स्थानीय उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है।

डीएम ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक रूप दिया जाएगा ताकि अधिक से अधिक महिला समूहों को प्रोत्साहन मिल सके और वे अपने परिवार व समाज की आर्थिक स्थिति को सशक्त बना सकें।

कार्यक्रम के समापन पर महिला समूहों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की पहल से उन्हें अपने हुनर को प्रदर्शित करने और आत्मनिर्भर बनने का शानदार अवसर मिला।

You cannot copy content of this page