डीएम साहब, हरिहर मंदिर के पीछे किसकी है अवैध पार्किंग? किसकी पड़ी हैं होर्डिंग, कौन निकाल रहा वाहनों के टायरों की हवा?

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों पर जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाए जा चुके हैं। इसके बावजूद शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल रानीपुर मोड़ के समीप हरिहर मंदिर के पीछे संचालित हो रही कथित अवैध पार्किंग अब कई सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से यहां बिना किसी स्पष्ट अनुमति के वाहनों की पार्किंग कराई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि पार्किंग स्थल पर बड़ी-बड़ी होर्डिंग पड़ी हुई हैं और दो हाइड्रा मशीनें भी लंबे समय से खड़ी रहती हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर यह पार्किंग किसके संरक्षण में संचालित हो रही है और संबंधित विभाग अब तक इस पर कार्रवाई क्यों नहीं कर पाया।
क्षेत्र के लोगों का यह भी आरोप है कि पार्किंग में खड़े कुछ वाहनों के टायरों की हवा निकाले जाने की घटनाएं सामने आई हैं। यदि यह आरोप सही हैं तो यह न केवल वाहन स्वामियों के लिए परेशानी का कारण है, बल्कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि यदि किसी वाहन चालक से विवाद होता है या दबाव बनाने के लिए ऐसा किया जा रहा है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब प्रशासन शहर के अन्य हिस्सों में अवैध अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है, तो फिर हरिहर मंदिर के पीछे संचालित इस कथित अवैध पार्किंग पर समान कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। लोगों ने मांग की है कि जिला प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभाग संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच कर यह स्पष्ट करें कि पार्किंग किसके आदेश और अनुमति से संचालित हो रही है, वहां पड़ी होर्डिंग और खड़ी दो हाइड्रा मशीनें किसकी हैं, तथा वाहनों के टायरों की हवा निकालने के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।

You cannot copy content of this page