दूसरे दिन भी स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग हरिद्वार की सख्ती, 45 वाहनों के चालान, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग का विशेष जांच अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न स्कूलों के वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों के उल्लंघन पर 45 विद्यालय वाहनों के चालान मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत किए गए।
अभियान के तहत परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों ने जनपद के विभिन्न विद्यालयों और प्रमुख मार्गों पर संचालित स्कूल बसों एवं अन्य विद्यालय वाहनों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, लेडी अटेंडेंट की उपलब्धता तथा अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
निरीक्षण में कई वाहनों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इनमें फिटनेस प्रमाणपत्र का अभाव, परमिट संबंधी खामियां, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस की कमी, अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स का उपलब्ध न होना तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप लेडी अटेंडेंट की अनुपस्थिति प्रमुख रही। इन सभी मामलों में संबंधित विद्यालय वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान विद्यालय प्रबंधन और वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विद्यालय वाहन केवल वैध दस्तावेजों और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ ही संचालित किए जाएं। विभाग ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों की अनदेखी या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष प्रवर्तन अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालय वाहनों के खिलाफ बिना किसी शिथिलता के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सहित विभाग की प्रवर्तन टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







