हम न देख रहे, मेरी नॉलेज में नहीं हरिहर मंदिर के पीछे वाली पार्किंग: बोले नगर आयुक्त नंदन कुमार

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में जहां एक ओर जिला प्रशासन और नगर निगम अवैध अतिक्रमण तथा अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का दावा कर रहे हैं, वहीं शहर के बीचों-बीच स्थित हरिहर मंदिर के पीछे संचालित एक पार्किंग व्यवस्था कई सवाल खड़े कर रही है। इस मामले में नगर निगम के नगर आयुक्त नंदन कुमार का बयान भी चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने कहा, “हम न देख रहे पार्किंग, मेरी नॉलेज में हरिहर मंदिर के पीछे वाली पार्किंग नहीं है।”
जानकारी के अनुसार रानीपुर मोड़ के समीप हरिहर मंदिर के ठीक पीछे एक बड़े क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान का उपयोग आसपास स्थित एक बड़े होटल के वाहनों के लिए भी किया जा रहा है। इसके अलावा मौके पर लंबे समय से एक कारोबारी के पुराने होर्डिंग और दो हाइड्रा मशीनें भी खड़ी बताई जा रही हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह की गतिविधियों पर संबंधित विभागों की नजर अब तक क्यों नहीं पड़ी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि यह पार्किंग वैध है तो इसकी अनुमति किस विभाग ने दी है और यदि अवैध है तो अब तक इसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई। लगातार चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के बीच इस स्थान पर किसी प्रकार की कार्रवाई न होना भी कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है।
जब इस संबंध में नगर आयुक्त नंदन कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी जानकारी में हरिहर मंदिर के पीछे ऐसी कोई पार्किंग नहीं है। नगर आयुक्त का यह बयान अब प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है कि यदि नगर निगम को ही इस पार्किंग की जानकारी नहीं है, तो इसकी निगरानी और जिम्मेदारी आखिर किस विभाग की है।
अब लोगों की नजर जिला प्रशासन और नगर निगम की आगामी कार्रवाई पर टिकी है। यदि यह पार्किंग नियमों के अनुरूप संचालित हो रही है तो इसकी स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए और यदि इसमें किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित विभागों को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। इससे स्थिति स्पष्ट होगी और जनता के बीच उठ रहे सवालों का भी जवाब मिल सकेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







