रामडी-पुलिंडा रोड पर हाथियों ने रौंदी स्कूटी और बाइक, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

खबर डोज, कोटद्वार। रामडी-पुलिंडा रोड पर एक बार फिर हाथियों की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार शाम सड़क पर पहुंचे हाथियों के झुंड ने वहां खड़ी एक स्कूटी और बाइक को रौंदकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम रामडी-पुलिंडा रोड पर हाथियों का एक झुंड पहुंच गया। हाथियों को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान हाथियों ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और उन्हें रौंद दिया। गनीमत रही कि घटना के दौरान दोनों वाहनों पर कोई व्यक्ति सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार रामडी-पुलिंडा रोड पर हाथियों का आवागमन लंबे समय से बना हुआ है। हाथियों के झुंड कई बार सड़क पर दिखाई देते हैं और पूर्व में भी यहां मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद इस मार्ग पर लोगों की आवाजाही को लेकर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
रामडी-पुलिंडा रोड पर सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने के लिए निकलते हैं। ऐसे में हाथियों की सक्रियता के दौरान लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग को हाथियों की आवाजाही वाले समय में इस मार्ग पर गश्त बढ़ाने के साथ ही लोगों को वहां जाने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
वायरल वीडियो के बाद लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों की नियमित आवाजाही को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्र चिह्नित किए जाएं और आवश्यक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही सुबह और शाम के समय विशेष निगरानी व्यवस्था की जाए, ताकि किसी बड़ी जनहानि को रोका जा सके।
फिलहाल हाथियों द्वारा वाहनों को क्षतिग्रस्त किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







