रातभर चलेगा प्रवर्तन अभियान, बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की होगी जांच: निर्देश जारी

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड में लगातार सामने आ रही बस दुर्घटनाओं, वाहनों में आग लगने की घटनाओं तथा ओवरस्पीड और नियमों के उल्लंघन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने विशेष रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) देहरादून की ओर से जारी कार्यालय आदेश में 6 और 7 जून 2026 को रात 8 बजे से विशेष अभियान संचालित करने को कहा गया है।

जारी आदेश के अनुसार अन्य राज्यों से ऑल इंडिया परमिट पर संचालित डीजल एवं इलेक्ट्रिक बसों के निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप न होने, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग तथा अनधिकृत संचालन की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसके अलावा ठेका वाहनों के नियम विरुद्ध संचालन की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया है।

इसी के मद्देनजर देहरादून, विकासनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुड़की में तैनात सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (प्रवर्तन) को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सभी प्रवर्तन दलों एवं तकनीकी निरीक्षकों को शामिल करते हुए विशेष जांच अभियान संचालित करें।

अभियान के दौरान बसों और यात्री वाहनों की भौतिक एवं यांत्रिक स्थिति की गहन जांच की जाएगी। विशेष रूप से बीएस-05 मानकों के अनुपालन, एफडीएसएस (फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम), आपातकालीन निकास द्वार, वाहन की सीटिंग एवं स्लीपर व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया जाएगा।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना फिटनेस, बिना परमिट, बिना वैध कर, खराब यांत्रिक स्थिति अथवा अन्य नियम विरुद्ध संचालित पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और मोटर वाहन नियमावली के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों का चालान करने के साथ-साथ उन्हें सीज करने और आवश्यकता पड़ने पर फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

विभागीय आदेश में यह भी कहा गया है कि अभियान के दौरान की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। परिवहन विभाग का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला द्वारा जारी इस आदेश के बाद प्रदेशभर में यात्री वाहनों और लक्जरी बसों पर सख्त निगरानी शुरू होने की संभावना है। परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों से सभी सुरक्षा मानकों एवं वैधानिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

You cannot copy content of this page