डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर लक्जरी बसों के खिलाफ सघन अभियान, 45 बसों के चालान, 6 सीज

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने 6 और 7 जून 2026 को लक्जरी एवं अन्य यात्री बसों के खिलाफ विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। दो दिन तक चले इस अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 45 बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 6 बसों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा 5 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त किए जाने की संस्तुति भी सक्षम प्राधिकारी को भेजी गई है।

यह अभियान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कृष्णा पलारिया के नेतृत्व में संचालित किया गया। परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों, इंटरसेप्टर वाहनों और तकनीकी निरीक्षण दलों ने संयुक्त रूप से हरिद्वार, रुड़की, राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख यात्री मार्गों और बस अड्डों पर व्यापक जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, कर अदायगी, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र, चालक लाइसेंस, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास व्यवस्था समेत विभिन्न सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई वाहनों में तकनीकी और वैधानिक खामियां पाई गईं, जिन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में सुरक्षा और अनुशासन को मजबूत करना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
अभियान को सफल बनाने में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, संभागीय निरीक्षक (तकनीकी) भारत भूषण, मुकेश भारती, रविंद्र पाल सैनी, हरीश रावल, संगीता धीमान, नवीन तिवारी, के.के. बिजल्वाण तथा आनंद वर्धन सहित परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों और संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के दस्तावेज अद्यतन रखें, नियमित रखरखाव कराएं तथा निर्धारित सुरक्षा और तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। विभाग का कहना है कि नियमों का पालन सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ-साथ यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







