हेलीकॉप्टर से चार्ज लेने बागेश्वर पहुंचे जल संस्थान के अधिशासी अभियंता, प्रदेश भर में चर्चा

खबर डोज, बागेश्वर। उत्तराखंड जल संस्थान (गंगा) हरिद्वार में तैनात रहे सहायक अभियंता अब्दुल रशीद के पदोन्नत होकर अधिशासी अभियंता बनने के बाद चार्ज लेने का अंदाज इन दिनों पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब्दुल रशीद बागेश्वर में नई जिम्मेदारी संभालने के लिए हेलीकॉप्टर से पहुंचे, जिसका फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि पदोन्नति के बाद अब्दुल रशीद को बागेश्वर में अधिशासी अभियंता के पद पर तैनाती मिली है। चार्ज लेने के लिए उन्होंने सड़क मार्ग की बजाय हेलीकॉप्टर का सहारा लिया, जिससे लोग हैरान रह गए। आमतौर पर अधिकारी सड़क या अन्य साधनों से अपने कार्यस्थल पहुंचते हैं, लेकिन हेलीकॉप्टर से पहुंचने की यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में अब्दुल रशीद हेलीकॉप्टर से उतरते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद से लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे वीआईपी कल्चर बता रहा है तो कोई इसे व्यक्तिगत सुविधा का मामला मान रहा है।
हालांकि, इस पूरे मामले में आधिकारिक तौर पर अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है कि हेलीकॉप्टर का उपयोग किस कारण से किया गया। वहीं, विभागीय स्तर पर भी इसको लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग इस पर अपनी-अपनी राय रख रहे हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







