हरिद्वार में माहौल बिगाड़ने पर पुलिस का एक्शन, दो पक्षों की 16 महिलाएं गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

–रेलवे गेट नंबर-5 के सामने राहगीरों को आकर्षित करने को लेकर हुआ विवाद, दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट की नौबत

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 16 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मामला कोतवाली नगर क्षेत्र में शिवमूर्ति चौक के पास रेलवे गेट नंबर-5 के सामने का है, जहां महिलाओं के दो पक्षों के बीच विवाद के बाद गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की महिलाओं को हिरासत में लेते हुए उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को कोतवाली नगर हरिद्वार की पुलिस टीम होटल, ढाबों और धर्मशालाओं की चेकिंग के साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शिवमूर्ति चौक से रेलवे गेट की ओर तैनात थी। इसी दौरान रेलवे गेट नंबर-5 के सामने महिलाओं के दो पक्ष आपस में झगड़ते दिखाई दिए। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हो रही थी और मामला मारपीट तक पहुंचने की आशंका थी।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाद की जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राहगीरों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और झगड़ा करने लगे।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका के मद्देनजर दोनों पक्षों की कुल 16 महिलाओं को हिरासत में लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126, 135 और 170 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक निशा सिंह, महिला कांस्टेबल शोभा, मुन्नी राणा, पूनम सोरियाल, पुष्पा तथा कांस्टेबल अमित भट्ट, हरीश रतूड़ी, हसलवीर और अजय पंवार शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग एवं निगरानी अभियान जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page