भदालीखाल के पास खाई में गिरी GMOU की बस, 30 यात्रियों की अटकी सांसें

ख़बर शेयर करें -

–प्रेशर पाइप फटने से अनियंत्रित हुई बस, पेड़ से टकराकर रुकी; एक-दो यात्रियों को आई हल्की चोटें

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (GMOU) की एक बस बुधवार, 21 अक्टूबर को भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। बस में चालक सहित करीब 30 यात्री सवार बताए गए हैं। गनीमत रही कि बस खाई में एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK15PA 0072 GMOU कोटद्वार की है। बस कोटद्वार निवासी चालक अशोक ममगाईं, पुत्र राजाराम, चला रहे थे। बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। चालक के अनुसार, बस में कुल 30 यात्री सवार थे।

बताया गया कि दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास बस चलते समय अचानक उसका प्रेशर पाइप फट गया। इसके चलते बस आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सड़क के बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी। इस दौरान बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही दुगड्डा चौकी, गुमखाल चौकी और कोतवाली लैंसडाउन से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक-दो यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। किसी यात्री को गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है।

बस के खाई में गिरने की घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन बस के पेड़ से टकराकर रुक जाने और सभी यात्रियों के सुरक्षित निकलने से राहत मिली। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक हलचल बनी रही।

You cannot copy content of this page