NDPS के दो मामलों में वांछित 5 हजार का इनामी तस्कर उत्तरकाशी से गिरफ्तार, गिरफ्तारी में सीआईयू कोटद्वार के हेड कांस्टेबल उत्तम कुमार की रही उत्तम भूमिका

खबर डोज, कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार के इनामी शातिर अभियुक्त को उत्तरकाशी से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त की गिरफ्तारी लक्ष्मणझूला थाना पुलिस और सीआईयू कोटद्वार ने उत्तरकाशी जिले के मनेरी क्षेत्र में दबिश देकर की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद भर में चलाए जा रहे “नशा विरोधी धरपकड़ अभियान” के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार अभियुक्त मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े दो गंभीर मामलों में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने बताया कि 18 जुलाई को सीआईयू प्रभारी उपनिरीक्षक रणजीत तोमर और उपनिरीक्षक अजय रमन के नेतृत्व में गठित टीम धारा 84 बीएनएसएस में तामील किया। पुलिस टीम अभियुक्त की तलाश में उत्तरकाशी के थाना मनेरी क्षेत्र पहुंची। टीम ने अभियुक्त के पैतृक गांव बयाणा में दबिश दी। पुलिस को देखकर अभियुक्त भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बृजपाल पुत्र निहाल सिंह (36 वर्ष) निवासी ग्राम बयाणा, थाना मनेरी, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। वह हाईस्कूल तक शिक्षित है और एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमों में लंबे समय से फरार चल रहा था।
पौड़ी पुलिस के मुताबिक जनपद में नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय रमन (टीम प्रभारी), हेड कांस्टेबल उत्तम कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश दिलवाल तथा कांस्टेबल सतपाल भण्डारी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे नशा तस्करों के खिलाफ अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







