सावन में हरिद्वार पुलिस का बड़ा तोहफा: 205 खोए मोबाइल लौटाए, 46 लाख से अधिक की संपत्ति रिकवर

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। सावन के पावन महीने में हरिद्वार पुलिस ने आमजन को खुशियों का बड़ा तोहफा दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के नेतृत्व में थाना सिडकुल पुलिस ने ऑपरेशन रिकवरी के तहत 205 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की कुल बाजार कीमत 46 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

थाना सिडकुल में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी नवनीत सिंह एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। लाभार्थियों ने हरिद्वार पुलिस की मेहनत, तकनीकी दक्षता और जनहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन हर व्यक्ति के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में खोए हुए मोबाइल वापस दिलाना केवल एक वस्तु लौटाना नहीं, बल्कि लोगों की यादें, जरूरी दस्तावेज और उनकी सुविधा वापस लौटाने जैसा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार पुलिस आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करती रहेगी।

पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइलों में सिडकुल की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत बाहरी राज्यों से आए कर्मचारियों के मोबाइल भी शामिल हैं, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के मोबाइल भी रिकवर किए गए हैं। इन मोबाइलों को उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से तकनीकी सहायता के जरिए बरामद किया गया।

थाना सिडकुल ने मोबाइल रिकवरी के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। पिछले 11 महीनों में यह आठवीं बार है, जब बड़ी संख्या में खोए हुए मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए गए हैं। वर्ष 2026 में अब तक थाना सिडकुल पुलिस कुल 475 मोबाइल फोन रिकवर कर चुकी है, जिससे यह जनपद ही नहीं बल्कि प्रदेश में भी मोबाइल रिकवरी के मामले में अग्रणी बना हुआ है।

बरामद मोबाइलों में 4 आईफोन, 38 ओप्पो, 15 नथिंग, 35 सैमसंग, 32 रियलमी, 12 एमआई, 44 वीवो, 19 वनप्लस और 6 आईक्यूओओ कंपनी के मोबाइल शामिल हैं।

इस सफलता में थानाध्यक्ष अजय शाह, एसएसआई प्रवीण बिष्ट और हेड कांस्टेबल विवेक यादव की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि आमजन की खोई हुई संपत्ति को शीघ्र वापस दिलाकर पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान लगातार जारी रहेंगे।

You cannot copy content of this page