कांवड़ मेला-2026: मेरठ में उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के अधिकारियों की उच्चस्तरीय समन्वय बैठक, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर मंथन

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को आयुक्त कार्यालय मेरठ में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों राज्यों के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और अंतरराज्यीय समन्वय से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल तथा पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने की। उत्तराखंड की ओर से एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरगेशन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप तथा एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह बैठक में शामिल हुए।
बैठक में इस वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित आवाजाही को देखते हुए दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने यात्रा मार्गों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों की निगरानी, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और सूचना के त्वरित आदान-प्रदान को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की।
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखा जाएगा। दोनों राज्यों की पुलिस और प्रशासनिक टीमें संयुक्त रूप से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव सुनिश्चित करेंगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यात्रा के दौरान यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी एवं आधुनिक तकनीक के माध्यम से निगरानी तथा आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाएगी।
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच बेहतर तालमेल एवं समन्वित प्रयासों से कांवड़ मेला-2026 का सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







