नवंबर माह तक लगभग पूरे कर लिए जाएंगे कुंभ मेले के निर्माण कार्य: बोलीं मेलाधिकारी कुंभ श्रीमती सोनिका, देखिए वीडियो

–मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेले के कार्यों की दी जानकारी, तैयारियों में तेजी
–मेला सभागार में आयोजित हुई पत्रकार वार्ता, लोक निर्माण और सिंचाई विभाग के कार्यों की बताई अद्यतन स्थिति
खबर डोज, हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन की ओर से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है। मंगलवार को मेला सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेले के तहत स्वीकृत विभिन्न कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले को व्यवस्थित, सुगम और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से सड़क, फुटपाथ, पुल, स्नान घाट और शहर की गलियों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मेलाधिकारी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत कुंभ मेला-2027 के लिए पुराने दिल्ली-नीति पास राज्य मार्ग सहित हरिद्वार शहर के अन्य आंतरिक मार्गों का बीसी (बिटुमिनस कंक्रीट) से नवीनीकरण और फुटपाथ निर्माण कराया जाना है। हर की पैड़ी से ललतारों सेतु तक गलियों के सुधारीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य भी स्वीकृत है।
वहीं ऋषिकेश क्षेत्र में ऋषिकेश-भानियावाला मार्ग के किलोमीटर एक और दो के शहरी हिस्से में बीसी से सुधार तथा आईडीपीएल कैनाल गेट से सिटी गेट तक मार्ग के सुधार के कार्य प्रस्तावित हैं। कुछ कार्यों में निविदा प्रक्रिया दोबारा किए जाने की जानकारी दी गई, जबकि कुछ कार्य मानसून समाप्त होने के बाद शुरू किए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता में सिंचाई विभाग के कार्यों की भी जानकारी दी गई। धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी एवं पुरानी गंग नहर साईफन के डाउनस्ट्रीम में 90 मीटर स्पान के कंपोजिट स्टील गर्डर दो लेन सेतु का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा बहादराबाद विकासखंड में वैरागी कैंप चैनल पर स्नान घाट का निर्माण कराया जाएगा, जिसकी कार्य पूर्ण होने की निर्धारित तिथि 30 नवंबर 2026 बताई गई।
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेले से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने पर प्रशासन का फोकस है। पत्रकार वार्ता में अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







