हरिद्वार में डेंगू पर स्वास्थ्य विभाग की सख्ती, 37 हजार से अधिक घरों का सर्वे, अभी तक एक भी मरीज नहीं मिला

खबर डोज, हरिद्वार। मानसून के दौरान डेंगू की रोकथाम को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कल्याण विभाग हरिद्वार पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में व्यापक एंटी-डेंगू अभियान चलाया जा रहा है। पिछले वर्ष डेंगू नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने के बाद इस वर्ष भी स्वास्थ्य विभाग ने शुरुआती स्तर से ही निगरानी और रोकथाम की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।
जिला मलेरिया अधिकारी इंद्रपाल सिंह की देखरेख में चल रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार घर-घर जाकर सर्वे, लार्वा जांच और जनजागरूकता का कार्य कर रही हैं। जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी 23 मई से 20 जुलाई 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अभी तक डेंगू का एक भी पॉजिटिव मरीज सामने नहीं आया है, जो राहत की बात है।
रिपोर्ट के अनुसार अभियान के दौरान अब तक 37,395 घरों का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान 71,079 पानी के कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें 43 स्थानों पर डेंगू का लार्वा मिला। केवल 20 जुलाई को ही 10,348 घरों का सर्वे, 21,263 कंटेनरों की जांच और 5 कंटेनरों में लार्वा मिलने की पुष्टि हुई, जिसके बाद तत्काल स्रोत नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
डेंगू जांच के आंकड़ों के अनुसार अब तक 2 एलाइजा (ELISA) टेस्ट और 58 रैपिड टेस्ट किए जा चुके हैं। सभी जांच रिपोर्ट निगेटिव रही हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले, टंकियों और अन्य जल पात्रों की नियमित सफाई करें तथा बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच कराएं।
जिला मलेरिया अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और लार्वा मिलने वाले स्थानों पर तत्काल स्रोत नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में डेंगू की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन बारिश के मौसम को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचना आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







