ब्रीफिंग में अनुशासनहीनता पर सख्ती, मोबाइल चलाते मिले सिपाही को आईजी और एसएसपी ने लगाई फटकार, देखिए वीडियो

खबर डोज, हल्द्वानी। आगामी 15 जून को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में आयोजित एक महत्वपूर्ण पुलिस ब्रीफिंग के दौरान अनुशासनहीनता का मामला सामने आने पर आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती और एसएसपी नैनीताल का पारा चढ़ गया।
जानकारी के अनुसार मेले की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर आयोजित बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, एसएसपी नैनीताल सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे। ब्रीफिंग के दौरान एक सिपाही मोबाइल फोन चलाते हुए दिखाई दिया, जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।
आईजी निवेदिता कुकरेती ने सिपाही को फटकार लगाते हुए कहा कि ड्यूटी और महत्वपूर्ण ब्रीफिंग के दौरान मोबाइल फोन में व्यस्त रहना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे व्यवहार से पुलिस बल की कार्यशैली और अनुशासन पर सवाल खड़े होते हैं।
वहीं एसएसपी नैनीताल ने भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कैंची धाम मेले जैसे बड़े और संवेदनशील आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ब्रीफिंग की जा रही है। ऐसे में सभी पुलिसकर्मियों को पूरी गंभीरता के साथ निर्देशों को सुनना और उनका पालन करना चाहिए।
बताया जा रहा है कि फटकार के बाद संबंधित सिपाही को पूरी ब्रीफिंग के दौरान खड़ा रखा गया। इस दौरान अधिकारियों ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि कैंची धाम मेले के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और अनुशासन के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि हर वर्ष कैंची धाम मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन इस बार सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







