टिहरी गढ़वाल में हत्याकांड पर सियासत तेज, राजबीर कटारिया ने कांग्रेस के रुख पर उठाए सवाल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। टिहरी गढ़वाल में युवक की हत्या के मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति लगातार गर्माती जा रही है। एक ओर कांग्रेस इस घटना को लेकर प्रदेशभर में विरोध-प्रदर्शन कर रही है, वहीं दूसरी ओर सामाजिक कार्यकर्ता राजबीर सिंह कटारिया ने कांग्रेस के कथित दोहरे रवैये पर सवाल खड़े किए हैं।

हरिद्वार में कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के बीच राजबीर सिंह कटारिया ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा कि पार्टी के नेता न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन जिस क्षेत्र में घटना हुई, वहां के कांग्रेस विधायक विक्रम नेगी के पीड़ित परिवार से मुलाकात नहीं करने पर गंभीर सवाल उठते हैं।

कटारिया ने कहा कि उनका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है और उनका उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करना है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को जाति और राजनीति के चश्मे से देखने के बजाय मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व पीड़ित परिवार के दुख में शामिल होना और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करना है। यदि कोई राजनीतिक दल खुद को दलितों और कमजोर वर्गों का हितैषी बताता है, तो उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि उसके जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए क्या कदम उठाए हैं।

राजबीर कटारिया ने कहा कि धरना-प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन केवल राजनीतिक संदेश देने के बजाय पीड़ित परिवार को सहायता और सांत्वना देना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस संवेदनशील मामले पर राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने की अपील की।

इस दौरान उन्होंने प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई की सराहना भी की। उनका कहना था कि जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य संभावित आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

कटारिया ने मांग की कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा न जाए। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में ऐसा स्पष्ट संदेश जाए कि अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।

You cannot copy content of this page