खोह नदी में अवैध खनन पर पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज

खबर डोज, कोटद्वार। पौड़ी पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटद्वार में खोह नदी क्षेत्र से अवैध खनन सामग्री से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक खनन सामग्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने नियमानुसार वाहन को सीज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने मंगलवार को खोह नदी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली संख्या UK15CA-0621 को रोककर जांच की।
जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी मात्रा में खनन सामग्री लदी मिली। पुलिस ने चालक से खनिज सामग्री के वैध अभिलेख, रॉयल्टी प्रपत्र और परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने खनिज सामग्री का परिवहन अवैध पाए जाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार वाहन चालक की पहचान तोताराम निवासी गाड़ीघाट, कोटद्वार, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







