इंस्पेक्टर साहब फिर सोए गहरी नींद, ज्वालापुर, खन्ना नगर के तस्कर गूंगा, पाल और थापा जागे! जोरों-शोरों से चल रही तस्करी

ख़बर शेयर करें -

अवैध काउंटरों पर खुलेआम बिक रही ठेकों की शराब; कार्रवाई के बाद फिर सक्रिय हुए शराब तस्कर

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार शहर में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी को लेकर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। ज्वालापुर, कनखल और खन्ना नगर क्षेत्र में कथित रूप से अवैध शराब के काउंटर सक्रिय होने और ठेकों से बिकने वाली शराब को इन काउंटरों के जरिए खपाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय स्तर पर शराब तस्करी के कारोबार में गूंगा, पाल और थापा नाम चर्चाओं में बताए जा रहे हैं।

कुछ समय पूर्व खबर डोज ने हरिद्वार शहर में अवैध शराब की तस्करी और अवैध काउंटरों के संचालन को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद आबकारी विभाग के स्तर से कार्रवाई भी की गई थी। कार्रवाई के बाद कुछ समय के लिए अवैध गतिविधियों पर अंकुश नजर आया, लेकिन अब आरोप है कि शराब तस्कर एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ज्वालापुर, कनखल और खन्ना नगर के कुछ इलाकों में शराब की अवैध बिक्री का नेटवर्क दोबारा पैर पसार रहा है। कथित तौर पर ठेकों से शराब लेकर उसे निर्धारित बिक्री व्यवस्था से बाहर अवैध काउंटरों के माध्यम से बेचे जाने की शिकायतें हैं। इससे न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान होने की आशंका है, बल्कि आबकारी नियमों की भी अनदेखी हो रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पूर्व में कार्रवाई के बावजूद यदि अवैध शराब के काउंटर दोबारा सक्रिय हो रहे हैं तो विभागीय निगरानी व्यवस्था आखिर कहां है? क्या आबकारी विभाग की टीम नियमित रूप से इन क्षेत्रों में जांच कर रही है या कार्रवाई केवल शिकायत और खबर सामने आने के बाद ही होती है?

खबर डोज की पड़ताल में सामने आए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब देखना होगा कि आबकारी विभाग इन आरोपों का संज्ञान लेकर संबंधित क्षेत्रों में जांच और कार्रवाई करता है या अवैध शराब का कारोबार इसी तरह चलता रहता है।

You cannot copy content of this page